अमृतसर की केंद्रीय जेल से भागे तीन कैदियों में से दो गिरफ्तार


अमृतसर। पंजाब में अमृतसर की उच्च सुरक्षा वाली केंद्रीय जेल से पिछले सप्ताह दीवार लांघकर फरार हो गये तीन विचाराधीन कैदियों में दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।  अमृतसर के पुलिस आयुक्त एस एस गिल ने यहां संवाददाताओं को बताया कि गुरप्रीत सिंह और उसके भाई जरनैल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरा आरोपी विशाल कुमार अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पुलिस आयुक्त ने बताया कि जरनैल को छह फरवरी को आनंदपुर साहिब में बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उससे मिली जानकारी के आधार पर उसके भाई गुरप्रीत को तरणतारण जिले से गिरफ्तार किया गया।


 

पुलिस के अनुसार जब पुलिस ने गुरप्रीत के ठिकाने पर छापा मारा तब उसने कुछ ज्वलनशील पदार्थ फेंका जिससे एक कांस्टेबल थोड़ा जल गया। गुरप्रीत भागने की कोशिश करते हुए पहली मंजिल से कूद गया और उसके पैर में चोट लग गयी। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिल ने बताया कि दोनों को कथित रूप से शरण देने वाले व्यक्तियों-- शमशेर सिंह और करनैल सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार वह तीसरे आरोपी विशाल को गिरफ्तार करने के लिए कोशिश कर रही है।  ये तीनों एक फरवरी की रात को दीवार फांद कर जेल से भाग गये थे। उससे पहले उन्होंने अपने बैरक की दीवार में सेंध लगायी थी।